Ahmedabad: शहर में 2027 तक दौड़ेंगी 1960 इलेक्ट्रिक बसें

Ahmedabad: शहर में 2027 तक दौड़ेंगी 1960 इलेक्ट्रिक बसें

Ahmedabad. स्मार्ट सिटी के रूप में अहमदाबाद शहर की पहचान को मजबूत करने के लिए अहमदाबाद मनपा ने सार्वजनिक परिवहन में इलेक्टि्रक बसों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय किया है। वर्ष 2027 तक शहर के एएमटीएस और बीआरटीएस बसों के बेड़े में इलेक्टि्रक बसों की संख्या को 1960 करने का निर्णय किया है। आगामी पांच वर्षों में एएमटीएस और बीआरटीएस बेड़े में 2700 इलेक्ट्रिक बसों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अहमदाबाद मनपा सूत्रों के तहत मनपा ने इसके लिए पिछले एक वर्ष में 561 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर दिया गया है, जिसमें एएमटीेएस के लिए 311 बसें और बीआरटीएस के लिए 250 ई बसें शामिल हैं। इन सभी बसों की आपूर्ति और संचालन इस वर्ष 2026 के दौरान चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा।इसके अलावा, प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव रेवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट (पीएम ई-ड्राइव) कार्यक्रम के तहत 1000 इलेक्ट्रिक बसों का भी अहमदाबाद मनपा की ओर से ऑर्डर दिया गया है। साथ ही 660 इलेक्ट्रिक बसों के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। 300 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसों के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है। इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने पर वर्ष 2027 तक शहर में 1960 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो जाएंगी।

2030 तक 3000 ई-बसें दौड़ाने का लक्ष्य

वर्तमान में शहर में 400 सीएनजी एसी बसें संचालित हैं। इनके साथ मिलाकर अहमदाबाद में 3100 बसों की ग्रीन मोबिलिटी फ्लीट तैयार होगी, जो शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाएगी। वर्ष 2030 तक शहर में लगभग 3000 इलेक्ट्रिक बसों को दौड़ाने का लक्ष्य है। ऐसा होने पर प्रतिदिन 300 टन और वार्षिक 1.10 लाख टन ग्रीन हाउस गैस (कार्बन) उत्सर्जन में कमी आएगी। डीजल उपयोग में उल्लेखनीय कमी होगी, जिससे शहर के कार्बन फुटप्रिंट में कमी आएगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए 1000 बसों की व्यवस्था

शहर में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को ध्यान में रखते हुए भी सार्वजनिक परिवहन को मजबूत किया जा रहा है। इन आयोजनों के दौरान लगभग 800 से 1000 बसों की आवश्यकता होगी, जिसके लिए आधुनिक, ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार किया जा रहा है।

शहर में 2019 से शुरू हुईं इलेक्ट्रिक बसें

शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत वर्ष 2019 में बीआरटीएस परियोजना के तहत 50 इलेक्ट्रिक बसों से हुई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में 150 और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गईं। एएमटीएस द्वारा 4 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी जोड़ी गईं हैं। वर्तमान में अहमदाबाद में कुल 204 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *