ग्वालियर में तेज रफ्तार कार ने युवती को मारी टक्कर:गंभीर घायल, शादी की शॉपिंग के दौरान हादसा, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

ग्वालियर में तेज रफ्तार कार ने युवती को मारी टक्कर:गंभीर घायल, शादी की शॉपिंग के दौरान हादसा, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

ग्वालियर में एक तेज रफ्तार कार ने युवती को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना कंपू थाना क्षेत्र के 1000 बिस्तर अस्पताल के पास टंकी रोड पर हुई। दतिया जिले के परसिरी गांव की अनुराधा अहिरवार ( 22) अभी न्यू शिवाजी नगर में रह रही हैं। शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे वह अपनी भाभी विनीता और भाई हरेंद्र के साथ शादी की खरीदारी के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। ऑटो आने पर वह चालक से बात कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और पहिए के नीचे रौंद दिया। यह देखकर वहां खड़े एक अन्य ऑटो चालक ने अपना ऑटो कार के सामने लगा दिया, जिससे कार रुक गई और युवती की जान बच गई। घटना के बाद कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद परिजनों और राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायल अनुराधा को परिजन ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसके सिर, हाथ और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका एक हाथ भी टूट गया है। अनुराधा की डेढ़ महीने बाद शादी होने वाली है। फिलहाल उसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। अनुराधा के भाई हरेंद्र और भाभी विनीता ने बताया कि वह दो दिन पहले बुधवार को दतिया से ग्वालियर आई थी। शनिवार को वे लोग शादी की खरीदारी के लिए बाजार जा रहे थे और ऑटो तलाश रहे थे, तभी कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। उनका कहना है कि यदि ऑटो चालक समय पर कार के सामने नहीं आता, तो अनुराधा की जान भी जा सकती थी। वहीं, पुलिस इस घटना को केवल हादसा मानकर नहीं चल रही है, बल्कि यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। फिलहाल पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *