ग्वालियर पुलिस ने बॉलीवुड मूवी ‘बंटी-बबली’ की तरह चोरी करने वाले पति-पत्नी की इंटरस्टेट गैंग को पकड़ा है। यह गैंग मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों के 12 से ज्यादा शहरों में अब तक 57 चोरियां कर चुका है। गिरोह में फिलहाल पति अरविंद रजक और उसकी पत्नी ज्योति रजक को गिरफ्तार किया गया है। अरविंद की उम्र 32 साल है, जबकि ज्योति 30 साल की है। फिल्म ‘बंटी-बबली’ की स्टाइल में यह दोनों बड़ी-बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। शनिवार को पुलिस के हत्थे चढ़े इस ‘बंटी-बबली’ से ग्वालियर के महाराजपुरा क्षेत्र की 6 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। गैंग इतना शातिर है कि पुलिस जितना पूछ रही है, उसके आधे सवालों के ही जवाब दे रहे हैं। इनसे अब तक 15.75 लाख रुपए का सामान बरामद हो चुका है। पुलिस के दिमाग से खेल रहे थे ‘बंटी-बबली’, नहीं बच पाए गैंग ने खुलासा किया कि वे वारदात के बाद पुलिस को उलझाने के लिए तीन चोरी की बाइकों का उपयोग करते थे। पहली बाइक से रैकी करते थे, लेकिन वारदात के समय उसका उपयोग नहीं करते थे। घटना के दौरान दूसरी बाइक का इस्तेमाल करते थे और वारदात के बाद उसे कुछ दूरी पर छोड़कर तीसरी चोरी की बाइक से निकल जाते थे। इससे घटना के समय, उससे एक-दो दिन पहले और बाद के CCTV फुटेज देखने पर पुलिस उलझन में रहती थी। ऐसा ही महाराजपुरा क्षेत्र में एक के बाद एक हुई छह चोरियों की जांच के दौरान भी हुआ, जहां फुटेज में आरोपियों के वाहन को लेकर पुलिस काफी कन्फ्यूजन में नजर आई। काफी मुश्किल से उनका रूट ट्रेस किया जा सका। पुलिस के सामने पत्नी को बाइक पर बैठाकर निकल जाता था गैंग से यह भी खुलासा हुआ है कि चोरी के बाद आरोपी अपनी पत्नी को साथ रखता था। रात में कई बार पुलिस बल दिखने पर भी महिला के साथ होने के कारण पुलिस रोक-टोक नहीं करती थी और वह आसानी से पुलिस के सामने से चोरी की बाइक पर निकल जाता था। अरविंद पर 56, ज्योति पर 1 मामला दर्ज थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि अरविंद रजक उर्फ अल्लो (32), निवासी आंतरी हाल ललितपुर कॉलोनी और उसकी पत्नी ज्योति रजक, निवासी खुर्जेवाला मोहल्ला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अरविंद के खिलाफ 56 चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के झांसी में 6, मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 10, सीहोर में 7, होशंगाबाद में 6, रायसेन में 5, भिंड-मुरैना में एक-एक और गुजरात के विभिन्न शहरों में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी अरविंद की पत्नी ज्योति के खिलाफ भी यूपी के झांसी में चोरी का एक मामला दर्ज है। पकड़े गए दंपति से पूछताछ में महाराजपुरा क्षेत्र में हाल ही में रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी सहित अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है। पत्नी ने पुलिस पर लगाए थे आरोप पुलिस द्वारा चोरी के आरोप में पति अरविंद के पकड़े जाने के बाद पत्नी ज्योति ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे और न्यायालय में भी आवेदन दिया था। दूसरी ओर, हजीरा पुलिस ने आरोपी अरविंद को कट्टे के साथ पकड़े जाने का मामला भी दर्ज किया था। पुलिस फरियादियों से तस्दीक करते हुए आरोपी और उसकी पत्नी से चोरी के माल और उसे बेचने के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। सूने मकानों को बनाते थे निशाना
आरोपी द्वारा रेकी कर सूने मकानों को निशाना बनाया जाता था और रात में मौका पाकर घरों में घुसकर सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी कर ली जाती थी। आरोपी लंबे समय से ग्वालियर में रहते हुए महाराजपुरा क्षेत्र के सूने घरों को निशाना बना रहा था। पकड़े जाने के बाद जेल से बाहर आते ही वह फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगता था। 105 ग्राम सोना बरामद, कीमत 15.75 लाख रुपए
पकड़े गए बंटी-बबली के गिरोह से पुलिस ने अब तक 2 सोने के हार, 2 सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठियां, 1 सोने का पेंडल, 3 सोने की लेडीज अंगूठियां, 1 जोड़ी सोने के ब्रेसलेट, 1 सोने की अंगूठी और 1 सोने का सिक्का बरामद किया है। कुल 105 ग्राम सोना, जिसकी कीमत 15 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही 2 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। इस तरह कुल बरामद माल 17 लाख 75 हजार रुपए का है। बेहद शातिर हैं दोनों, पूछताछ जारी एएसपी विदिता डागर ने बताया कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व गुजरात सहित कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना शातिर इंटरस्टेट चोर गैंग को पकड़ा गया है। गैंग में पति और पत्नी शामिल हैं। यही दोनों रेकी से लेकर चोरी करना और उसके माल को खपाने का काम करते थे। महाराजपुरा इलाके की हाल ही में हुई छह चोरी की वारदात इन्होंने कुबूल की हैं। काफी हद तक चोरी का माल बरामद कर लिया गया है। गैंग पर 57 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


