मऊ में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर:युवक की मौत, बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहा था

मऊ में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर:युवक की मौत, बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहा था

मऊ जिले के घोसी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। चौथी मिल बेलभद्रपुर चट्टी पर शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान माछिल गांव निवासी 27 वर्षीय राम चौहान, पुत्र रविंद्र चौहान के रूप में हुई है। वह अपनी अपाचे बाइक से अपनी बहन को चौथी मिल स्थित उसके घर छोड़कर वापस लौट रहा था। बताया गया है कि यह हादसा उस समय हुआ जब सिपाह से घोसी की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजनों को सूचना मिलते ही वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। इसी बीच, फरार हो रहे ट्रैक्टर चालक को जामडीह गैस एजेंसी के पास राहगीरों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *