ईद की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार बुलेट बनी काल, पीछे से मारी टक्कर, युवक की मौत 

ईद की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार बुलेट बनी काल, पीछे से मारी टक्कर, युवक की मौत 

बरेली। ईद के दिन खुशियों का सफर मातम में बदल गया, जब सिरौली-अलीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट ने पीछे से दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया।

तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी, पीछे से मारी जोरदार टक्कर

शनिवार सुबह सिरौली-अलीगंज मार्ग पर उमंग पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर पड़ीं और तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ईद की नमाज के बाद निकले थे, रास्ते में हादसा

परिजनों के मुताबिक, खैलम देहजागीर निवासी 20 वर्षीय गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी (18) के साथ ईद की नमाज अदा कर लोगों से मिलने अलीगंज जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आगे चल रहे भूपेंद्र की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी गई। कुछ ही पलों में खुशियों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

तीनों घायल, अस्पताल पहुंचते ही हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से मझगवां सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान गुलफाम ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।

हेलमेट नहीं, रफ्तार बनी मौत की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट सवार युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना था। पेट्रोल पंप के पास एक ऑटो से टकराने से बचने के बाद बाइक अनियंत्रित हुई और सामने चल रही बाइक में जा घुसी। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह बनी।

घर में पसरा मातम, परिवार का सहारा छिना

मृतक गुलफाम छह भाइयों में पांचवें नंबर का था और अलीगंज में फर्नीचर की दुकान पर मजदूरी करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मिर्च-मसाले बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ईद के दिन हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है, घर में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस बोली—तहरीर का इंतजार, कार्रवाई होगी

थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *