फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर फायरिंग की घटना में वांछित एक और आरोपी को एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू (23) निवासी महावीर नगर, थाना बाह, जिला आगरा के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें 5 आगरा के बाह के रहने वाले थे। 1 फरवरी 2026 की रात रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना कुख्यात अंतरराष्ट्रीय अपराधी शुभम लोनकर गैंग के इशारे पर अंजाम दी गई थी। इस वारदात का उद्देश्य आम जनता और फिल्म उद्योग में दहशत फैलाना था। मामले में मुंबई के जुहू थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी प्रदीप शर्मा का सुराग मिला। एसटीएफ ने 21 मार्च दोपहर में थाना बाह क्षेत्र के महावीर नगर बिजलीघर के पास से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर शुभम लोनकर गैंग के पोस्ट देखकर प्रभावित होकर अपना वर्चस्व दिखाने के लिए इस वारदात की योजना बनाई थी। इससे पहले भी वह 28 मई 2025 को राजस्थान के नागौर जिले में एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग कर चुका है, जिसमें पुलिस ने उसे पिस्टल सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस जांच में सामने आया कि 1 फरवरी की घटना में प्रदीप के साथ दीपक निवासी गंगाग्राम, थाना बाह भी शामिल था, जिसने घटना को अंजाम देने में सहयोग किया। इस मामले में अन्य पांच आरोपियों को पहले ही 15 फरवरी 2026 को एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को थाना बाह में दाखिल कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच को सुपुर्द किया जाएगा। ये हो चुके हैं गिरफ्तार


