पांचना बांध से श्रीमहावीरजी मेले को पानी छोड़ा:गेट 3-4 खोलकर 250 क्यूसेक निकासी, 3 अप्रैल तक जारी रहेगी

पांचना बांध से श्रीमहावीरजी मेले को पानी छोड़ा:गेट 3-4 खोलकर 250 क्यूसेक निकासी, 3 अप्रैल तक जारी रहेगी

करौली में दिगंबर जैन तीर्थ श्रीमहावीरजी मेले के लिए पांचना बांध से शनिवार शाम 5 बजे पानी की निकासी शुरू की गई। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता वीर सिंह और कनिष्ठ अभियंता भवानी सिंह ने कंट्रोल बोर्ड का बटन दबाकर बांध से पानी छोड़ना शुरू किया। बांध के दो गेट खोलकर 250 क्यूसेक पानी गंभीर नदी में छोड़ा जा रहा है, जो 3 अप्रैल तक जारी रहेगा। विभाग ने बताया कि यह पानी 27-28 मार्च तक श्रीमहावीरजी पहुंच जाएगा।
श्रीमहावीरजी मेला 27 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होगा। भगवान महावीरजी के वार्षिक मेले के अवसर पर प्रतिवर्ष पांचना बांध से गंभीर नदी में पानी छोड़ने की परंपरा है। मेले में निकलने वाली भगवान जिनेंद्र की रथयात्रा गंभीर नदी के तट तक पहुंचती है, जहां गंभीर नदी के पानी से ही भगवान महावीर का जलाभिषेक किया जाता है। पानी छोड़ने से पहले जल पूजन की भी परंपरा है। सहायक अभियंता वीर सिंह ने बताया कि पांचना बांध के गेट नंबर 3 और 4 खोलकर 250 क्यूबिक फीट प्रति सेकंड पानी की निकासी की जा रही है। बांध का वर्तमान गेज 257.30 मीटर है। प्रतिदिन करीब 30 एमसीएफटी पानी की निकासी की जाएगी, जिससे कुल 300 एमसीएफटी पानी छोड़ा जाएगा। पांचना बांध से गंभीर नदी में पानी छोड़ने से नदी में धारा बहेगी और सिद्ध आश्रम तक पानी पहुंचने की संभावना है। इस पहल से आसपास के जल स्रोत रिचार्ज होंगे, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, पशु-पक्षियों और सिंचाई के लिए भी जल उपलब्ध होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *