बिलासपुर जोन के विजिलेंस विभाग में वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली शुरू:जीएम तरुण प्रकाश ने किया उद्घाटन, हर मिनट 600 वीडियो होंगे संग्रहित

बिलासपुर जोन के विजिलेंस विभाग में वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली शुरू:जीएम तरुण प्रकाश ने किया उद्घाटन, हर मिनट 600 वीडियो होंगे संग्रहित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के विजिलेंस विभाग में वीडियो रिकॉर्डिंग प्रणाली का उद्घाटन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया। इस अत्याधुनिक प्रणाली से अब हर मिनट 600 वीडियो संग्रहित किए जा सकेंगे। यह प्रणाली कर्मचारियों और अधिकारियों के कौशल विकास के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा भी प्रदान करेगी। रिकॉर्ड किया गया कंटेंट चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिकारी ‘कभी भी, कहीं भी’ इसका उपयोग कर सकेंगे। इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विजिलेंस विभाग के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने तकनीक के माध्यम से क्षमता निर्माण और सुशासन को और मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक मनोज गुरुमुखी और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। यह पहल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में पारदर्शिता बढ़ाने, विजिलेंस जागरूकता फैलाने और डिजिटल माध्यम से सतत प्रशिक्षण व क्षमता विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रणाली के तहत रेलवे जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विजिलेंस संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए विशेष मल्टीमीडिया कंटेंट तैयार किया जाएगा। विभिन्न कार्यकारी विभागों द्वारा तकनीकी और अन्य विषयों पर वीडियो मॉड्यूल बनाए जाएंगे, जिससे फील्ड अधिकारियों के ज्ञान, कौशल और दक्षता में वृद्धि होगी। सभी विभागों के लिए 6 TB डिजिटल स्टोरेज उपलब्ध कराया गया है, जिसमें लगभग 6000 (प्रत्येक 10 मिनट के) वीडियो संग्रहीत किए जा सकते हैं। यह सुविधा केवल विजिलेंस विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी विभागों के लिए उपयोगी होगी। इसके माध्यम से विभिन्न स्तरों के रेलवे कर्मचारियों के लिए मल्टीमीडिया प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित किए जाएंगे। रेल प्रशासन का दावा है कि यह प्रणाली संस्थागत ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, कार्यकुशलता में सुधार लाने और संगठन में पारदर्शिता के साथ उत्तरदायित्व की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *