Rajasthan News: बड़ीसादड़ी । उपखंड के पिंड की निर्मला मेनारिया ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा ( RAS ) परीक्षा 2023 में सफलता हासिल कर तहसीलदार का पद प्राप्त किया है ।
साधारण किसान परिवार से आने वाली निर्मला मेनारिया की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है । राजस्व मंडल अजमेर की ओर से उन्हें तहसीलदार के पद पर पहली नियुक्ति दी गई है ।
वर्तमान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत
निर्मला मेनारिया वर्तमान में जयपुर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ( स्वास्थ्य विभाग) के पद पर कार्यरत हैं । उन्होंने वर्ष 2013 से कृषि विभाग में अपनी सरकारी सेवा शुरू की थी ।
निर्मला मेनारिया 13 वर्षों तक राजकीय सेवा में रहीं
13 वर्षों तक राजकीय सेवा में रहने के बावजूद उन्होंने उच्च पद प्राप्त करने का लक्ष्य नहीं छोड़ा । इससे पहले 2021 की RAS परीक्षा में भी उन्होंने सफलता प्राप्त की थी, जिसके बाद उन्हें खाद्य विभाग में फूड इंस्पेक्टर का पद मिला था ।
निर्मला मेनारिया ने किसे दिया अपनी सफलता का श्रेय
स्व. नितेश व्यास (CA) की पत्नी और देवीलाल मेनारिया की पुत्री निर्मला ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को दिया है ।
बड़ीसादड़ी आगमन पर स्वागत की घोषणा
निर्मला मेनारिया की इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद, सर्व ब्राह्मण महासभा और विप्र फाउंडेशन सहित विभिन्न संगठनों ने खुशी जताई है और उनके बड़ीसादड़ी आगमन पर स्वागत की घोषणा की है ।
कुशल चौधरी ने परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप किया था
राजस्थान लोक सेवा आयोग की राजस्थान प्रशासनिक सेवा 2023 भर्ती का फाइनल रिजल्ट अक्टूबर 2025 में जारी हुआ था । अजमेर के कुशल चौधरी ने परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप किया था । वरीयता सूची में 8 पुरुष रहे थे ।
आरएएस मुख्य परीक्षा में 2168 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया था । पहले चरण के साक्षात्कार 21 अप्रेल से शुरू हुए थे । छह माह तक 9 चरण में साक्षात्कार लिए गए । प्रक्रिया संपन्न होने और तकनीकी परीक्षण के बाद RAS 2023 परीक्षा का नतीजा जारी किया गया था ।
आरएएस मुख्य परीक्षा की कट ऑफ इस बार पिछली परीक्षा से कम रही है। इस बार सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी की 262 कट ऑफ रही है। यानी 800 अंकों के पेपर में से करीब 33 प्रतिशत ही कट ऑफ आई।


