Breakfast Skip Effects: सुबह नाश्ता न करने से बढ़ सकता है गम डिजीज का खतरा, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Breakfast Skip Effects: सुबह नाश्ता न करने से बढ़ सकता है गम डिजीज का खतरा, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Breakfast Skip Effects: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं। जल्दी ऑफिस निकलना, काम का प्रेशर और टाइम की कमी के कारण ब्रेकफास्ट अक्सर स्किप हो जाता है। लेकिन यह छोटी सी आदत आपके मुंह की सेहत पर बड़ा असर डाल सकती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, नाश्ता न करना सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि मसूड़ों और दांतों के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है।

सुबह मुंह में क्यों बढ़ते हैं बैक्टीरिया?

जब हम रात में सोते हैं, तब मुंह में लार (सलाइवा) कम बनती है, जिससे बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं। सुबह उठने पर मुंह सूखा होता है, जो बैक्टीरिया के लिए सही माहौल बनाता है। ऐसे में नाश्ता करना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इससे लार बनने लगती है।लार सिर्फ पानी नहीं होती, यह मुंह की सुरक्षा करती है। यह एसिड को कम करती है, खाने के कणों को साफ करती है और खराब बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकती है। अगर आप नाश्ता नहीं करते, तो लार बनने में देरी होती है और बैक्टीरिया ज्यादा समय तक सक्रिय रहते हैं।

खाली पेट कॉफी पीना क्यों है गलत?

कई लोग सुबह उठते ही चाय या कॉफी पी लेते हैं, खासकर जब नाश्ता नहीं करते। लेकिन यह आदत और भी नुकसान पहुंचा सकती है। कॉफी मुंह को और ज्यादा ड्राई बना देती है, जिससे बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। इससे मसूड़ों में जलन, सूजन, खून आना और आगे चलकर गम डिजीज का खतरा बढ़ जाता है।

मसूड़े और दांत हो सकते हैं कमजोर

रात के खाने और सुबह के नाश्ते के बीच पहले ही लंबा गैप होता है। अगर आप नाश्ता भी छोड़ देते हैं, तो यह गैप और बढ़ जाता है। इससे मुंह में एसिड का लेवल बैलेंस नहीं रहता, जो धीरे-धीरे दांतों के इनेमल और मसूड़ों को नुकसान पहुंचाता है।

एक्सपर्ट क्या सलाह देते हैं?

डॉक्टरों का कहना है कि अगर आपके पास समय कम है, तब भी कुछ हल्का जरूर खाएं। जैसे फल, ड्राई फ्रूट्स या एक रोटी भी काफी है। इससे लार बनने लगेगी और मुंह का pH बैलेंस बना रहेगा। इसके अलावा सुबह उठते ही पानी पीना भी बहुत जरूरी है। इससे मुंह हाइड्रेट रहता है और रातभर जमा बैक्टीरिया भी साफ हो जाते हैं।

क्यों जरूरी है नाश्ता?

हम अक्सर अपनी भागदौड़ में मुंह की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हमारी डेली रूटीन का असर सबसे पहले यहीं दिखता है। अगर आप हर दिन कुछ मिनट निकालकर सही तरीके से दिन की शुरुआत करेंगे, तो आपके दांत और मसूड़े लंबे समय तक स्वस्थ रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *