राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को गोवर्धन का दौरा किया। उन्होंने गिरिराज जी मंदिर में पूजा-अर्चना की और उसके बाद परिक्रमा के लिए प्रस्थान किया। राष्ट्रपति की परिक्रमा गोवर्धन स्थित दानघाटी से प्रारंभ हुई। यह परिक्रमा राजस्थान क्षेत्र के पूछरी का लौठा से होकर गुजरी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
राजस्थान सरकार ने राष्ट्रपति के इस दौरे के लिए विशेष तैयारियां की थीं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रभारी मंत्री सुरेश रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी, डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन ने मिलकर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की थी, जिसके तहत जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था।


