अमृतसर| जुझार सिंह एवेन्यू स्थित जगत ज्योति सीनियर कैंपस स्कूल में नव संवत्सर 2083 और नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के डायरेक्टर मुकेश पुरी ने की, जबकि डीएवी मैनेजिंग कमेटी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. जेपी शूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस पावन बेला की शुरुआत मंत्रोच्चारण और आहुतियों के साथ हुई। डायरेक्टर मुकेश पुरी ने सभी को नव संवत्सर की बधाई देते हुए कहा कि छात्र राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि डॉ. जे.पी. शूर ने छात्रों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि कर्तव्यपालन, अनुशासन, गुरु-माता-पिता के प्रति श्रद्धा और समय का सदुपयोग ही एक विद्यार्थी को श्रेष्ठ बनाता है। इस अवसर पर सत्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


