भास्कर न्यूज| जालंधर तेज मोहन नगर स्थित बस्ती शेख में एक महिला ने अपने पति और सास पर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित शानू भट्टी ने थाना 5 में शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है, लेकिन उसका कहना है कि अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी को 16 साल हो चुके हैं और उसका पति सचिन भट्टी नशे का आदी है। वह कुछ समय पहले अपने मायके दिल्ली में रहकर आई थी, लेकिन वापस आने के बाद उसके साथ मारपीट शुरू हो गई। महिला ने सास पर नशीली गोलियां बेचने के आरोप लगाए हैं और कहा कि उसके पास इसके सबूत भी मौजूद हैं। महिला का कहना है कि उसका पति पिछले 4 साल से बेरोजगार है और वह खुद काम करके परिवार चला रही है। इसके बावजूद उसे घर से निकालने की धमकियां दी जा रही हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है। पति को नशा मुक्ति केंद्र भेजने और सास के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


