कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के बाकल पठार स्थित पटीराजा ग्राम में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। क्षेत्रीय किसानों के अनुसार, गेहूं, चना, मसूर और सरसों की फसलें पककर तैयार थीं। कई गांवों में कटाई का काम भी शुरू हो गया था। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से कटी हुई फसलें भीग गईं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर असर पड़ा है। शुक्रवार देर शाम हुई इस बारिश और ओलावृष्टि का असर केवल फसलों तक सीमित नहीं रहा। ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि के कारण पूरे जिले के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और सर्द मौसम से जिले भर में ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे मार्च महीने में लौटी ठंड ने आम जनजीवन को भी प्रभावित किया है। फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। किसानों की मांग है कि राजस्व विभाग की टीम जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसलों के नुकसान का आकलन करे और उचित मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करे, ताकि किसानों को राहत मिल सके।


