छतरपुर में शासकीय संदीपनि मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभिभावक केजी-1, केजी-2 और कक्षा-1 में अपने बच्चों का दाखिला करा सकते हैं। प्रवेश फॉर्म 23 मार्च 2026 से संबंधित स्कूलों से प्राप्त किए जा सकेंगे। भरे हुए आवेदन पत्र 31 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा। फॉर्म लेते समय बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र दिखाना होगा। आवेदन जमा करते समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी और माता-पिता के आधार कार्ड संलग्न करना आवश्यक है। आयु सीमा तय, 31 जुलाई और 30 सितंबर आधार केजी-1 के लिए 4 से 5 वर्ष 6 माह, केजी-2 के लिए 5 से 6 वर्ष 6 माह और कक्षा-1 के लिए 6 से 7 वर्ष 6 माह आयु निर्धारित की गई है। केजी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31 जुलाई 2026 और कक्षा-1 के लिए 30 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। लॉटरी से होगा चयन, 6 अप्रैल को सूची जारी प्रवेश में प्राथमिकता स्कूल के निकट रहने वाले बच्चों को दी जाएगी, इसके बाद 1 किलोमीटर दायरे के बच्चों को अवसर मिलेगा। सीटें रिक्त रहने पर अन्य आवेदकों पर विचार किया जाएगा। अधिक आवेदन होने पर चयन लॉटरी सिस्टम से होगा। चयनित विद्यार्थियों की सूची 6 अप्रैल 2026 को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी, जिस पर 3 दिन के भीतर आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। विद्यालय प्राचार्य ने बताया कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।


