उज्जैन रीजन को मिली मेजबानी, पोस्टर लॉन्च

उज्जैन रीजन को मिली मेजबानी, पोस्टर लॉन्च

उज्जैन. शहर में दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को गति मिल गई है। नानाखेड़ा स्थित हर्षदीप बिजनेस पार्क में आयोजन कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह एक दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल 2026, रविवार को राजस्थान के पावन अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी में आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन की जिम्मेदारी उज्जैन रीजन को सौंपी गई है, जिसे लेकर पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

पोस्टर विमोचन और डिजिटल रजिस्ट्रेशन की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिवेशन के पोस्टर का विमोचन किया गया और प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल फॉर्म भी लॉन्च किया गया। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि अधिवेशन को लेकर सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और देशभर से प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

सामूहिक सहयोग से भव्य आयोजन का लक्ष्य

शुभारंभ समारोह में फेडरेशन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका ने विश्वास जताया कि यह अधिवेशन अब तक का सबसे उत्कृष्ट आयोजन होगा। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अश्विन कासलीवाल ने उज्जैन रीजन की पूर्व उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए इस बार भी भव्य आयोजन की उम्मीद जताई। वहीं कॉन्फ्रेंस चेयरमैन हितेष जैन ‘परम’ ने कहा कि सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक सहयोग से ही आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर आशीष जैन सुतवाला, नवीन जैन, मनीष जैन, रत्नेश जैन सहित उज्जैन, देवास और इंदौर के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विमल जैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *