खरगोन में संभागीय क्रिकेट संगठन इंदौर की अंडर-13 लेदर बॉल वनडे प्रतियोगिता शुक्रवार को शुरू हुई। स्टेडियम मैदान पर खेले गए उद्घाटन मैच में धार ने अलीराजपुर को 9 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अलीराजपुर की टीम मात्र 55 रन पर ऑल आउट हो गई। योजित ओहरिया ने सर्वाधिक 16 रन बनाए। धार की ओर से मैन ऑफ द मैच रचित कटारिया ने 5 और बिट्टू वसुनिया ने 3 विकेट लिए। जवाब में, धार की टीम ने 56 रन का लक्ष्य 10 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। प्रत्युष यादव ने सर्वाधिक 19 रन बनाए और टीम को 9 विकेट से जीत दिलाई। एसडीओपी और ट्रस्टी ने किया शुभारंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे खरगोन एसडीओपी रोहित लखारे और बीसा नीमा महाजन समाज ट्रस्टी वल्लभ महाजन ने किया। इस अवसर पर डीसीए अध्यक्ष मनोज रघुवंशी, उपाध्यक्ष रवींद्र यादव, सचिव जितेंद्र गोस्वामी, बबलू दांगी और अन्य डीसीए सदस्य उपस्थित थे। इस स्पर्धा में खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, धार और अलीराजपुर की टीमें भाग ले रही हैं। जयंत वानखेड़े स्पर्धा के ऑब्जर्वर हैं, जबकि सार्थक कुलकर्णी और कार्तिक अय्यर अंपायर की भूमिका निभा रहे हैं। विक्की निषाद स्कोरर हैं।


