Sikar Crime News: राजस्थान के सीकर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले में स्थित पर्यटन स्थल हर्ष पर्वत पर मिले एक युवक के शव के मामले में उसके भाई ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में जीणमाता थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों के बारे में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मामला बेहद ही हैरान करने वाला है। 27 साल के युवक की मौत को पुलिस सुसाइड समझ रही थी, लेकिन उसकी मौत के पीछे बड़ा राज छुपा है। उसकी शादी सिर्फ चार महीने पहले ही हुई थी। वह चार दिन पहले दादिया थाना क्षेत्र से लापता हुआ था। आरोप है कि युवक ने अपनी पत्नी के अवैध संबंधों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
हॉस्पिटल जाने का कहकर निकला, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार दादिया क्षेत्र निवासी 27 साल का युवक 16 मार्च को अपने घर से निकला था। वह अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। अगले दिन दोपहर तक उसके बारे में परिवार को जानकारी नहीं मिली तो उसके भाई ने पुलिस को मिसिंग रिपोर्ट दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिली। चार दिन बाद यानी कल दोपहर में उसके बारे में जानकारी मिली। किसी ने पुलिस को बताया कि हर्ष पर्वत पर एक युवक अचेत पड़ा है। पुलिस ने जांच की तो वह वही युवक निकला। उसके भाई को सूचना दी गई।
बाइक से 200 मीटर दूर मिला शव, पास पड़ा था जहर
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को करीब दो सौ मीटर दूर उसकी बाइक मिली और उसके पास ही एक जहर की शशी भी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि उसने सुसाइड किया हो सकता है। गुरुवार को परिजनों को शव पुलिस ने सौंप दिया। उसके बाद मृतक के छोटे भाई ने अपनी भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि मृतक की शादी चार माह पहले ही हुई थी।
पत्नी के अवैध संबंध और जीजा की धमकियों ने ली जान!
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब मृतक के भाई ने जीणमाता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। भाई का आरोप है कि उसकी भाभी यानी मृतक की पत्नी का अपने ही जीजा के साथ अवैध संबंध था। आरोप है कि पत्नी, उसका जीजा और एक अन्य युवक मिलकर मृतक को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उसे बार-बार झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं। इसी बदनामी और तनाव के चलते युवक ने हर्ष की पहाड़ियों पर जाकर जान दे दी। जीणमाता थाना अधिकारी राकेश कुमार मीणा के अनुसार, पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पत्नी, उसके जीजा और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के जरिए प्रेम त्रिकोण और प्रताड़ना के इस दावों की तफ्तीश कर रही है।


