सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘बकवास’ करार दिया और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा-ये बकवास कौन देखेगा? कौन इस पर यकीन करेगा? उन्होंने सीधे तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों को निशाने पर लेते हुए नोटबंदी को देश की अर्थव्यवस्था के लिए घातक बताया। उन्होंने कहा-मोदी जी ने नोटबंदी की, जिसने पूरे देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी। यह एक मास्टर स्ट्रोक नहीं, बल्कि देश को नुकसान पहुंचाने वाला फैसला था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में पीएम द्वारा लिए गए कई फैसलों का खामियाजा देश भुगत रहा है। मसूद ने कहा कि इतिहास इन फैसलों को दर्ज कर रहा है और आने वाले समय में इनके परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हवाला देते हुए कहा कि राहुल जी ने जिन फैसलों की आलोचना की थी, आज वही सही साबित हो रहे हैं। बयान के दौरान मसूद ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर महिमा मंडन करना है तो यह दिखाया जाए कि इंदिरा गांधी ने अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन को किस तरह जवाब दिया था। इसके उलट उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी उद्योगपतियों को बचाने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने हाथ जोड़कर खड़े रहते हैं। सांसद ने ये भी कहा कि सरकार देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। उन्होंने गंगा सफाई अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हजारों करोड़ खर्च करने के बावजूद गंगा साफ नहीं हुई, आज भी नालों का गंदा पानी उसमें जा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार के पास अब विकास के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए समाज में नफरत फैलाने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा-कब तक हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटते रहेंगे?


