बैठक में पेसा कानून व पड़हा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

बैठक में पेसा कानून व पड़हा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

भास्कर न्यूज|लोहरदगा 12 पड़हा अकाशी भंडरा, लोहरदगा की महत्वपूर्ण बैठक अकाशी झखरा बगिचा में जिला कोटवार डोमना उरांव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से जिला राजी वेल लक्ष्मी नारायण भगत, भंडारी गोसाई भगत, प्रभारी नारायण उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न गांवों- अकाशी, बाघी, भटखीजरी, खंडा, नरौली, गुड़ी खवास, आम्बवा आदि से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में पेसा कानून, विशू शिकार, पड़हा व्यवस्था व ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए लक्ष्मी नारायण भगत ने कहा कि वर्तमान समय में कुछ राजनीतिक दलालों के माध्यम से पारंपरिक पड़हा व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक विधि-विधान व परंपराओं से समाज को भटकाया जा रहा है, जिसके कारण गांवों में सामाजिक और धार्मिक विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पड़हा व्यवस्था को नजरअंदाज करने से धर्मांतरण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं और समाज में असंतुलन उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में सभी लोगों को एकजुट होकर पड़हा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि पेसा कानून, ग्राम सभा व सामाजिक-धार्मिक सुरक्षा को मजबूती मिल सके। बैठक में गोसाई भगत नारायण उरांव, अनमोल सुकरा, वुदेश्वर, चौठी, राजमुनी (उप प्रमुख), बिरसा, निरंजन सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और सामाजिक एकता व परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निरंजन उरांव को 12 पड़हा अकाशी वेल व सुकरा उरांव को कोटवार चुना गया। साथ ही आगामी मई माह में आयोजित होने वाले विशू शिकार पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त यह निर्णय लिया गया कि आगामी 20 मार्च 2026 को लोहरदगा के झखरा कुम्बा में जिला राजी पड़हा व सरहूल बैठक आयोजित की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *