पेंशन और मंईयां सम्मान योजना की राशि जारी, लाभुकों को बड़ी राहत

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिले में राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लगातार आमजन तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत फरवरी 2026 माह की पेंशन राशि जिले के सभी लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। लाभुक अब अपने-अपने बैंक खातों से राशि की निकासी कर सकते हैं। वहीं, ईद एवं सरहुल पर्व के अवसर पर सरकार ने महिलाओं को विशेष तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मार्च 2026 की सम्मान राशि भी जारी कर दी है। इस योजना के अंतर्गत जिले की कुल 93,062 महिलाओं के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 23 करोड़ 26 लाख 55 हजार रुपए की राशि आधार आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभुकों के खातों में भेजी गई है। इससे जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है और उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है।जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्र में लाभुकों की संख्या है। जिसमें भंडरा-13,075, कैरो- 8,083, पेशरार -4,120, सेन्हा- 14,840, कूडू- 17,670, किस्को- 11,465, लोहरदगा प्रखंड- 11,540, लोहरदगा शहरी क्षेत्र-12,269 शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले के हजारों परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, लोहरदगा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *