आयरलैंड के स्टार बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग ने T20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने यह फैसला टी-20 वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद लिया है। 35 साल के स्टर्लिंग ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि वे सभी फॉर्मेट में खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा- ‘इस फैसले से मैं खुद को बेहतर करने और मैदान पर ज्यादा योगदान देने पर फोकस कर सकूंगा। आयरलैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं, स्टर्लिंग खुद भी घुटने की चोट के कारण बीच टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। स्टर्लिंग ने कहा- नए कप्तान को पूरा सपोर्ट दूंगा
स्टर्लिंग ने कहा- ‘यह टीम के लिए नई शुरुआत करने का सही समय है। नए कप्तान को मेरा पूरा सपोर्ट रहेगा।’ उन्होंने कहा- ‘टी-20 में आयरलैंड की कप्तानी करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है। इस पर मुझे बेहद गर्व है।’ स्टर्लिंग ने कहा- ‘देश की कप्तानी करना मेरा सौभाग्य है। इस रोल में अपने कार्यकाल के दौरान मुझे जो सपोर्ट मिला है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।’ स्टर्लिंग ने 2023 में एंडी बालबर्नी के बाद टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने 48 T20 मैचों में कप्तानी की। उन्होंने कहा- वे ODI टीम की कप्तानी जारी रखेंगे। वे 2027 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन पर ध्यान देंगे। नए कप्तान का ऐलान नहीं, लोर्कन-हैरी दावेदार
क्रिकेट आयरलैंड ने अभी तक नए कप्तान का ऐलान नहीं किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज लोर्कन टकर और हैरी टेक्टर को संभावित विकल्प माना जा रहा है। वर्ल्ड कप में स्टर्लिंग के चोटिल होने के बाद लोर्कन टकर टीम की कप्तानी की थी। जून में भारत से टी-20 सीरीज खेलेगा आयरलैंड
आयरलैंड जून 2026 में भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगा। इस सीरीज में आयरलैंड नई कप्तानी के साथ उतरेगा। हालांकि, अभी तरीखों का ऐलान नहीं हुआ है। आयरलैंड के आगामी घरेलू सीजन में न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज प्रस्तावित हैं, जिनकी घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। ——————————————- क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… आयरलैंड के जॉन मूनी DC के फील्डिंग कोच बने; तीन वनडे वर्ल्ड कप खेल चुके IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी को टीम का नया फील्डिंग कोच बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मूनी जल्द ही भारत आकर टीम के साथ जुड़ेंगे और आगामी सीजन की तैयारियों में हिस्सा लेंगे। मूनी ने एंटोन रूक्स और ज्ञानेश्वर राव की जगह ली है। पढ़ें पूरी खबर
पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ी:वनडे में कप्तानी करते रहेंगे, जून में भारत सीरीज खेलेगी टीम


