प्रयागराज में माफिया के गुर्गे एक बार फिर सिर उठाने लगे हैं। खुल्दाबाद में करीब एक दर्जन गुर्गों ने प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम रेस्टोरेंट में घुसकर पिटाई की। उसे पहले घसीटा और फिर भीड़ के सामने घेरकर लात-घूंसे बरसाए। इस घटना में अतीक अहमद के गढ़ रहे हटवा, असरौली, सरैया गांव के बदमाशों के साथ-साथ नवाबगंज का एक ऐसा बदमाश भी शामिल था, जो डबल मर्डर में सजायाफ्ता है और वर्तमान में बेल पर है। फिलहाल इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। रात 11:30 बजे की घटना
यह घटना 17 मार्च की रात 11:30 बजे की है। रूदापुर के रहने वाले 45 साल के मुजम्मिल प्रॉपर्टी डीलर हैं। उन्होंने बताया, मैं अपने मामा मुहम्मद जसीम के साथ खुल्दाबाद के अटाला में इलाहाबाद कबाब पराठा की दुकान पर गया था। वहां काफी भीड़ थी और रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने इंतजार करने को कहा तो मैं बिलिंग काउंटर के पास खड़ा हो गया। बोले-आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे
तभी वहां नवाबगंज का रहने वाला मो. साकिब आया। उसके साथ 10-12 लोग थे। आते ही उसने गालीगलौज शुरू कर दी। मैंने विरोध किया तो मुझे घसीटकर पीटना शुरू कर दिया। तब तक उसके साथी भी आ गए और सभी ने घेरकर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। भरे रेस्टोरेंट में भीड़ के सामने हमलावर मुझे पीटते रहे। बचने के लिए नीचे भागा तो वहां भी आकर पीटा। मारते हुए धमकाते भी रहे कि आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। अधमरा करने के बाद सभी वहां से भाग निकले। इस घटना में मुझे काफी चोटें पहुंचीं। दोहरे हत्याकांड को दे चुका है अंजाम
पीड़ित ने बताया, साकिब से उसका जमीन का विवाद चल रहा है, जिस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। 2011 में उसने नवाबगंज में ही डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें उसे सजा भी हुई और वर्तमान में वह बेल पर है। हमला करने वालों में असरौली के कुख्यात माशूक प्रधान का बेटा शाह सऊद भी शामिल था। इसके अलावा फैज अख्तर निवासी हटवा, मो. आमिर निवासी असरौली, मो. हंजला निवासी तालाब तिवारी व मो. अम्मार निवासी सरैया के अलावा 4-5 अज्ञात लोग शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को घेरकर पीटते दिखाई देते हैं। यह भी दिखाई दे रहा है कि इस घटना से रेस्टोरेंट में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था। पीड़ित ने बताया कि उसने घटना के बाद डायल112 पर सूचना दी तो पुलिस आई। अगले दिन एफआईआर दर्ज हुई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने अफसरों से भी मिलकर गुहार लगाई है। थाना प्रभारी बोले
खुल्दाबाद थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। हमलावर अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं और उनकी तलाश की जा रही है।


