फर्रुखाबाद में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। शहर में तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए, जिसके बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।मौसम में यह बदलाव देर रात हुआ। शहर में तेज हवाओं के कारण बाजारों में सन्नाटा छा गया। कुछ ही देर में आसमान बादलों से घिर गया और हल्की बारिश होने लगी। ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अधिक तीव्र रहा। नवाबगंज सहित कई इलाकों में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ तेज बारिश हुई। इस अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं से किसानों को फसलों के नुकसान की आशंका सता रही है। इस समय खेतों में गेहूं, सरसों और तंबाकू की फसल खड़ी हैं। आलू की खुदाई भी चल रही है। बारिश और तेज हवाओं के कारण गेहूं और सरसों की फसल गिरने का खतरा है, जिससे उपज प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, तंबाकू की फसल को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है। किसान इस मौसमी बदलाव से चिंतित हैं।


