पलवल के गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और प्रताड़ना से तंग आकर 16 वर्षीय नाबालिग ने बीती 17 मार्च को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दो नामजद युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। डीएसपी नरेंद्र खटाना ने बताया कि मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सलमान और पेप्सी नामक युवक पिछले छह महीनों से उनकी बेटी का स्कूल और घर तक पीछा कर रहे थे। आरोपियों की हरकतों से परेशान होकर नाबालिग को अपनी पढ़ाई भी छोड़नी पड़ी थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी घर तक आने लगे थे और जब पीड़िता के भाई ने इसका विरोध किया, तो उसे पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घर में घुसकर नाबालिग को खींचने का आरोप पिता ने बताया कि 16 मार्च को जब पीड़िता का भाई घर पर अकेला था, तब सलमान जबरन घर में घुस आया और उनकी बेटी का हाथ पकड़कर खींचने लगा। भाई के विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग गया। 17 मार्च की सुबह जब पिता आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे, तो वहां कोई नहीं मिला। मंगलवार देर शाम जब वह ड्यूटी से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। डीएसपी ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है।


