मुरादाबाद में सृष्टि रचना दिवस पर निकली प्रभातफेरी:यज्ञ कर सुख-शांति की प्रार्थना की, वैदिक मंत्रों और भजनों से गूंजा शहर,

मुरादाबाद में सृष्टि रचना दिवस पर निकली प्रभातफेरी:यज्ञ कर सुख-शांति की प्रार्थना की, वैदिक मंत्रों और भजनों से गूंजा शहर,

मुरादाबाद। आर्य समाज स्टेशन रोड द्वारा सृष्टि रचना दिवस (नवसंवत्सर) के अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों पर प्रभातफेरी निकाली गई। इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक नववर्ष का स्वागत किया। प्रभातफेरी का शुभारंभ मंडी बांस स्थित आर्य समाज मंदिर से हुआ। यहां वैदिक पुरोहित वीरेंद्र आर्य ने ज्ञानेंद्र गांधी की यज्ञमानी में विधिवत यज्ञ कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रभातफेरी में सबसे आगे ओ३म् ध्वज लेकर अर्जुन सिंह चल रहे थे। जबकि उनके पीछे नूतन वर्ष की शुभकामनाओं से सुसज्जित बैनर के साथ आर्यवीर दल के सदस्य घोष बजाते हुए आगे बढ़े। भारतीय वाद्ययंत्रों की धुनें पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं।
यशपाल आर्य ने यज्ञरथ का संयोजन किया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। प्रभातफेरी के दौरान महिला-पुरुषों ने भजन-कीर्तन करते हुए परमात्मा की सृष्टि रचना के प्रति आभार व्यक्त किया और नगरवासियों को नवसंवत्सर की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर 21 और 22 मार्च को आयोजित होने वाले नवसंवत्सर उत्सव में शामिल होने के लिए पत्रक भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने नवसंवत्सर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसी दिन ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना, भगवान श्रीराम एवं धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक, महाराज विक्रमादित्य द्वारा विक्रमी संवत की स्थापना और महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा आर्य समाज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए थे। यह प्रभातफेरी मंडी बांस से शुरू होकर मंडी चौक, अमरोहा गेट, चौमुखा पुल, कोतवाली, बाजार गंज, गुरहट्टी, स्टेशन रोड, गुरु गोविंद सिंह चौक, गुलजारी मल धर्मशाला रोड और बुद्ध बाजार चौक होते हुए पुनः आर्य समाज स्टेशन रोड पर संपन्न हुई। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने प्रभातफेरी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री रमेश सिंह आर्य एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर ज्ञानेंद्र गांधी, कपिल मुनि, सूर्य प्रकाश द्विवेदी, लोकेश आर्य, डॉ. राम मुनि, डॉ. आलोक कुमार, कुसुम आर्य, प्रीता आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *