जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। गुरुवार को जयपुर शहर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं झमाझम बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। इस बदलते मौसम के बीच मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी कर आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यहां बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। 21 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है, जबकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में फिर से हल्की बारिश हो सकती है।
दो सप्ताह का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने 20 मार्च से 2 अप्रेल 2026 तक के दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि पहले सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। वहीं दूसरे सप्ताह में भी कई क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी का असर कम महसूस होगा।
वहीं मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने आगामी दो घंटों के लिए तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। जारी चेतावनी के अनुसार जयपुर, अजमेर, अलवर, टोंक, सवाई माधोपुर, नागौर, भरतपुर, पाली, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, झालावाड़, हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
यह वीडियो भी देखें
गर्मी से मिलेगी राहत
तापमान की बात करें तो आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है। वहीं दूसरे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे रह सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। कुल मिलाकर आने वाले दो सप्ताह में प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। बीच-बीच में होने वाली बारिश से किसानों और आमजन दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।


