13वीं मंजिल से कूदा बेटा, नीचे पड़ा मिला लहूलुहान शव; फ्लैट खोला तो उड़े होश, 3 दिन पुरानी मिली मां की लाश

13वीं मंजिल से कूदा बेटा, नीचे पड़ा मिला लहूलुहान शव; फ्लैट खोला तो उड़े होश, 3 दिन पुरानी मिली मां की लाश

गाजियाबाद : शहर की हाईप्रोफाइल महागुणपुरम सोसाइटी शनिवार को उस वक्त दहल गई, जब एक 42 वर्षीय शख्स ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। रूह कंपा देने वाली इस घटना का सस्पेंस तब और गहरा गया, जब पुलिस जांच करने मृतक के फ्लैट में पहुंची। वहां उसकी 70 वर्षीय मां का तीन दिन पुराना सड़ा-गला शव पड़ा मिला।

लोहे के शेड से टकराकर नीचे गिरा राजबीर

कविनगर थाना क्षेत्र स्थित इस सोसाइटी के ग्राउंड फ्लोर (फ्लैट नंबर-028) में राजबीर सिंह अपनी वृद्ध मां सतनाम कौर के साथ रहता था। चश्मदीदों के मुताबिक, राजबीर अचानक 13वीं मंजिल पर पहुंचा और डक्ट एरिया से नीचे छलांग लगा दी। गिरते समय वह बीच में लगे लोहे के शेड से टकराया और भीषण आवाज के साथ जमीन पर आ गिरा। आवाज सुनकर जब गार्ड मौके पर भागा, तो वहां खून से लथपथ राजबीर का शव पड़ा था।

फ्लैट से आ रही थी बदबू

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस जब राजबीर के फ्लैट की छानबीन करने पहुंची, तो वहां से भीषण दुर्गंध आ रही थी। दरवाजा खोलकर अंदर जाते ही पुलिस के होश उड़ गए। कमरे में राजबीर की मां सतनाम कौर का शव पड़ा था, जो करीब 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है।

सवाल : मां की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई और कहानी है? पुलिस को शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन 3 दिन तक मां की लाश के साथ रहने के बाद बेटे का सुसाइड कई सवाल खड़े कर रहा है।

पत्नी और बेटे से 10 साल से अलग रह रहा था राजबीर

जांच में सामने आया है कि राजबीर की शादी 12 साल पहले हुई थी, लेकिन फिलहाल वह अपनी पत्नी किरण और 10 साल के बेटे से अलग रह रहा था। वह बेरोजगार था और पड़ोसियों के मुताबिक अक्सर गुमसुम रहता था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने राजबीर को तो आते-जाते देखा था, लेकिन उसकी मां पिछले कुछ दिनों से दिखाई नहीं दी थीं।

जांच के घेरे में ‘मिस्ट्री’

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट से ही साफ होगा कि मां की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। क्या आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह ने राजबीर को इस आत्मघाती कदम के लिए उकसाया? पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *