पत्नी मोबाइल चलाती थी… शक में पति ने पत्नी को मार डाला, मां की लाश के पास 5 घंटे सोते रहे बच्चे

पत्नी मोबाइल चलाती थी… शक में पति ने पत्नी को मार डाला, मां की लाश के पास 5 घंटे सोते रहे बच्चे

प्रयागराज में पति ने पत्नी को मार डाला। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी दूसरे युवक से बात करती है। इसी वजह से उससे दूरी बना रही है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय संगीता के रूप में हुई है। घटना सराय इनायत थाना क्षेत्र के पट्टीछीट गांव की है।

फूलपुर के शेखपुर मोहल्ले की संगीता (30) की शादी करीब 13 साल पहले पट्टीछीट गांव के शैलेष से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। 12 साल का शिवम और 6 साल का सिद्धार्थ।

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात शैलेष घर लौटा तो उसकी पत्नी मोबाइल चला रही थी। उसने पत्नी को टोका तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर शैलेष ने गुस्से में आकर पत्नी की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मारपीट की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे दोनों बच्चे जाग गए थे, लेकिन आरोपी ने उन्हें डांटकर दोबारा सुला दिया। इसके बाद उसने पत्नी को डंडे से पीटा और उसका सिर कमरे में रखे तख्त के कोने से टकरा दिया, जिससे उसके माथे पर गंभीर चोट लग गई।

गला घोंटकर कर दी हत्या

मारपीट के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने संगीता का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।

सुबह पड़ोसन को हुई जानकारी

पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब दो बजे की है। दोनों बच्चे करीब पांच घंटे तक मां के शव के पास ही सोते रहे। सुबह पड़ोसन जब घर पहुंची और आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो कमरे में संगीता का शव पड़ा देखा उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

बच्चों की गवाही से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, बच्चों ने पूरी घटना के बारे में बताया, जिसके आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति को पत्नी के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर शक था और इसी विवाद में उसने यह कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *