लखनऊ में धुरंधर: द रिवेंज (पार्ट 2) को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आज फिल्म की ग्रैंड ओपनिंग है और इसके लिए एडवांस बुकिंग हो चुकी है। बुधवार को फिल्म का पहला पेड प्रीव्यू शो शाम 5 बजे से शुरू हुआ, लेकिन उससे पहले ही शहर के कई सिनेमाघरों में एडवांस बुकिंग ने रिकॉर्ड बना दिया। फिल्म की ओपनिंग बेहद शानदार रही और ज्यादातर सिनेमाघरों में सीटें पहले से ही बुक हो चुकी थीं। शहर के आधे से ज्यादा शो पहले ही हाउसफुल हो गए थे। वहीं पेड प्रीव्यू शोज की बात करें तो 18 मार्च को ही करीब 75% सीटें भर गई थीं, जिससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है।
18 साल से कम उम्र के बच्चों को एंट्री नहीं दी गई
फिल्म को लेकर क्रेज इतना ज्यादा है कि सिनेमाघरों में एंट्री के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि फिल्म को पहले ही 18+ के लिए रखा गया है, क्योकि फिल्म में मारकाट और खूनखराबा ज्यादा है। इसवजह से छोटे बच्चों को ले जानें की अनुमति नहीं है। ऐसे में जो पैरेंट्स बच्चों को लेकर जा रहे हैं उनकी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ज्योति सिंह ने किया नियमों का समर्थन
जानकीपुरम से आए सुमित ने बताया कि उन्होंने पहले ही दिन बुकिंग खुलते ही टिकट ले ली थी। उन्होंने कहा कि ट्रेलर देखने के बाद से ही फिल्म को लेकर उत्साह था। उन्हें नहीं मालूम था कि बच्चों की एंट्री नहीं है वो अपने साथ बच्चों को लेकर आए थे। इस वजह से उन्हें बिना फिल्म देखे निराश होकर लौटना पड़ा। हालांकि उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने नियमों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए क्या सही है, इसकी जिम्मेदारी माता-पिता की होती है। अगर फिल्म के लिए आयु सीमा तय है, तो उसका पालन होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सख्त नियम भविष्य में बच्चों की सुरक्षा और सही परवरिश के लिए जरूरी हैं।


