रायबरेली जनपद में नौ दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन शुरू हो गया है। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में राम भक्त शामिल हुए। यह कलश यात्रा डिग्री कॉलेज चौराहे से निकाली गई। इसमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सहित सभी आयु वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। श्री राम कथा का वाचन पूज्य राजन जी महाराज करेंगे। यह कार्यक्रम अगले नौ दिनों तक रायबरेली के डिग्री कॉलेज ग्राउंड में चलेगा। 5 तस्वीरें देखिए… पूज्य राजन जी महाराज के प्रवचन सुनने के लिए जनपद भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि रायबरेली जनपद में इस तरह की कथा का आयोजन पहली बार हो रहा है। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी सदर अरुण नौहार ने बताया कि 9 दिन होने वाले कथा के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जिस दौरान चार सब इंस्पेक्टर दो महिला सब इंस्पेक्टर समेत एक दर्जन महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा भी व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई है।


