डीसी ऑफिस में हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, शुक्रवार तक काम ठप रखने का ऐलान किया

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना। डीसी ऑफिस के कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही, जिससे सरकारी कामकाज पूरी तरह ठप पड़ गया है। शुक्रवार तक हड़ताल जारी रहने की घोषणा के बाद दफ्तर में सन्नाटा छा गया है और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रधान विकास जुनेजा ने बताया कि हड़ताल शुक्रवार तक चलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारी दफ्तर जरूर आएंगे, लेकिन कोई काम नहीं करेंगे। इसके चलते लोगों के जरूरी काम लंबित हो रहे हैं और कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। हड़ताल के कारण डीसी ऑफिस का दृश्य बदला-बदला नजर आया। दफ्तर में कर्मचारियों की कुर्सियां खाली पड़ीं और फाइलों का काम पूरी तरह रुक गया। अपने काम करवाने आए लोग इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें कोई कर्मचारी नहीं मिला। कई लोगों ने बताया कि वे दूर-दराज से अपने काम के लिए आए थे, लेकिन हड़ताल के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। खासकर दस्तावेज सत्यापन, लाइसेंस और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े काम प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आई है, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। हड़ताल के चलते कार्यालय में सामान्य कार्य प्रभावित होने से न केवल लोगों की परेशानी बढ़ी है, बल्कि दफ्तर का माहौल भी सुस्त और खाली नजर आ रहा है। ऐसे में यह उम्मीद जताई जा रही है कि कर्मचारी और प्रशासन बातचीत के जरिए जल्द इस स्थिति का समाधान निकालेंगे। फिलहाल आम लोग मजबूरी में अपने जरूरी कामों को स्थगित करने पर मजबूर हैं। डीसी ऑफिस में सन्नाटा। हड़ताल के चलते खाली अधिकारियों की कुर्सियां।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *