फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक का शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसकी पहचान तुरंत नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक युवक नेशनल हाईवे पर शनि देव मंदिर के पास सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को दी गई। सूचना पाकर सिरसागंज पुलिस और एनएचएआई की हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र कर पंचनामा भरा। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया। मौके पर पहुंचे एनएचएआई के इंसीडेंट मैनेजर सुमित चौहान ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनि मंदिर के पास भीड़ देखी और मौके पर एक युवक का शव पड़ा था, जिसे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। चौहान ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक पैदल सड़क पार कर रहा था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।


