बरेली। एक दिन पहले हुक्का पार्टी और शराब परोसने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन इसके बाद भी डीडीपुरम में नशे का खेल थमता नहीं दिख रहा है। बार के बाहर खुलेआम जाम छलकने की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस एक बाद फिर एक्शन में आ गई। बुधवार शाम पूरे इलाके में होटल, रेस्टोरेंट और हुक्का बारों पर ताबड़तोड़ सर्च अभियान चलाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रेमनगर पुलिस ने डीडीपुरम स्थित ‘मीट मी हियर कैफे’ में अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसने की सूचना पर मंगलवार ने देर रात छापा मारकर इस धंधे का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की कार्रवाई के अगले ही दिन बार के बाहर शराब पीने और पिलाने की शिकायतें सामने आईं। इससे साफ हो गया कि नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम नशे का कारोबार जारी है। इसी इनपुट के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
एक-एक होटल-रेस्टोरेंट की तलाशी, मची अफरा-तफरी
प्रेमनगर पुलिस की टीम ने डीडीपुरम के कई होटल, रेस्टोरेंट और हुक्का बार में अचानक चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और ग्राहकों में खलबली मच गई, जबकि कुछ लोग चुपचाप खिसकते नजर आए। वहीं पुलिस ने संचालकों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी हाल में अवैध रूप से हुक्का या शराब परोसने की शिकायत मिली तो सीधी कार्रवाई होगी। लाइसेंस, नियम और समय सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस का सख्त संदेश, यह आखिरी चेतावनी
प्रेमनगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने दो टूक कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। अगर इसके बाद भी नियमों की अनदेखी की गई तो न सिर्फ मुकदमा दर्ज होगा, बल्कि होटल और बार सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी। डीडीपुरम समेत शहर के अन्य इलाकों में भी इस तरह के सर्च अभियान लगातार चलाए जाएंगे। अवैध हुक्का बार और शराब परोसने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि शहर में कानून व्यवस्था कायम रहे।


