चित्रकूट में नौ दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ:कलश यात्रा के साथ मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी करेंगे कथा

चित्रकूट में नौ दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ:कलश यात्रा के साथ मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी करेंगे कथा

चित्रकूट के जानकीकुंड स्थित परमहंस संत श्री रणछोड़दास जी महाराज के श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट बड़ी गुफा में चैत्र नवरात्रि उत्सव और रामनवमी बड़े भक्तिभाव से मनाई जाएगी। इस वर्ष वृंदावन के मलूक पीठ के पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज नौ दिवसीय श्रीरामकथा का गान करेंगे। कथा का शुभारंभ 18 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। चैत्र कृष्ण अमावस्या, 18 मार्च को सायंकाल कलश यात्रा निकाली गई। इसमें गाजे-बाजे, हाथी, घोड़े और बग्घी शामिल थे। माताएं, साधु-संत और सद्गुरु परिवार के सदस्य मंगल कलश के साथ रामायण जी की पोथी लेकर चल रहे थे। यह यात्रा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के प्रार्थना भवन से शुरू होकर रघुबीर मंदिर होते हुए विद्याधाम प्रांगण तक पहुंची। कलश यात्रा की शुरुआत गुरु पूजन के साथ हुई, जिसे ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल की धर्मपत्नी एवं ट्रस्टी रूपल मफत ने संपन्न किया। कथा का दैनिक क्रम 19 मार्च से 27 मार्च तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से श्री रामचरितमानस का नवान्ह पारायण सुरेंद्र शास्त्री द्वारा रघुबीर मंदिर में किया जाएगा। पूज्य मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज की कथा विद्याधाम विद्यालय के प्रांगण में अपराह्न 3:30 बजे से 6:30 बजे तक होगी। गौ सेवा केंद्र की संचालिका उषा जैन ने बताया कि पंचमी को सायंकाल गोधूलि बेला में गौ सेवा केंद्र के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में 56 भोग का गौ अन्नकूट और आरती का आयोजन किया जाएगा। रामनवमी के दिन प्रातः 11:00 बजे से मंदिर में बधाई और दोपहर ठीक 12:00 बजे भगवान का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। ट्रस्टी इलेश जैन और महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती उषा जैन ने बताया कि कथा श्रवण और उत्सव में सम्मिलित होने के लिए देश के विभिन्न प्रांतों से गुरुभाई-बहन और रामकथा प्रेमी पहुंचने लगे हैं। यह उत्सव प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *