उदयपुर की नई एसपी डॉ अमृत दुहन ने आज एसपी कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया है। श्री गंगानगर से ट्रांसफर होकर आई आईपीएस अमृता उदयपुर की पहली महिला एसपी है। डॉ अमृता पद ग्रहण करने के लिए एसपी कार्यालय पहुंची, जहां पुलिस टीम द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार ओझा और गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने नए एसपी का स्वागत किया। इस दौरान शहर के डीएसपी और विभिन्न थाना के थानाधिकारी मौजूद रहे। पद ग्रहण करने के बाद डॉ. अमृता ने मीडिया से बातचीत में पर्यटक सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि उदयपुर पर्यटकों की नगरी है ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देगी। सद्गुरु का डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया सत्कार उदयपुर में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गृरु के उदयपुर पहुंचने पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने ‘गुरु-शिष्य’ की मेवाड़ी परम्परा के अनुसार स्वागत-सत्कार किया। इस अवसर को डॉ. मेवाड़ ने अपना सौभाग्य बताते हुए कहा मेवाड़ संसार भर में अपने आदर्शों और सत्य की राह पर चलने के लिए विख्यात रहा है। अतिथि देवो भव की सनातनी परम्परा से मेवाड़ ने सदैव अपने क्षेत्र का मान वर्धन किया है। मेवाड़ के श्री एकलिंग दीवान पन्द्रह सौ वर्षों से निरन्तर सत्य के साथ, मानव धर्म और अपने कर्त्तव्य-पथ पर समर्पित रहे है। इसी कारण मेवाड़ के राज्य चिह्न में गुरुजनों का आशीर्वाद से महामंत्र ‘जो दृढ़ राखै धर्म को तिहिं राखै करतार’ अंकित है। सद्गुरु ने भी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के द्वारा किए गये आदर-सत्कार को विशेष बताया। खेरवाड़ा में 9 घरेलू गैस सिलेण्डर व रिफिलिंग उपकरण जब्त घरेलू/व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने तहसीलवार सतर्कता दल गठित किए गए है। इसमें तहसीलदार, पुलिस निरीक्षक, प्रवर्तन अधिकारी/निरीक्षक, ऑयल कम्पनी के विक्रय अधिकारी को सम्मिलित किया गया है।
बुधवार को रसद विभाग की टीम ने मनाली भट्ट एवं दीपिका रोत ने खेरवाड़ा स्थित आदिनाथ एन्टरप्राईजेज में अवैध सिलेण्डरों का भण्डारण एवं रिफिलिंग की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान मौके से 9 घरेलू गैस सिलेण्डर तथा गैस ट्रांसफर में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए । इस दौरान नायब तहसीलदार रमेश मीणा मौजूद रहे। नवोदय प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित
जवाहर नवोदय विद्यालय मावली में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा सत्र 2026-27 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जवाहर नवोदय विद्यालय मावली के प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन अस्थायी रूप से किया गया है। प्रवेश अंतिम रूप से योग्यता की शर्तों की पूर्ति तथा आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के अधीन रहेगा। प्रवेश संबंधी आगामी कार्यवाही, दस्तावेज़ सत्यापन तथा रिपोर्टिंग तिथि की सूचना संबंधित जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को अलग से दी जाएगी।


