आगर मालवा जिले में विद्युत कंपनी ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए चल संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की है। बुधवार को सोयत कला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विशेष अभियान चलाकर बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत बिजना खेड़ी, डोंगरगांव, बराई और सालिया खेड़ी गांवों से कुल 4 बाइक, 3 पानी की मोटर और 1 आटा चक्की जब्त की गईं। संबंधित उपभोक्ताओं पर लगभग 5 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर 1 लाख 50 हजार रुपए जमा होने पर दो बाइकें वापस लौटा दी गईं। कनिष्ठ अभियंता पंकज वर्मा ने बताया कि यह अभियान उन उपभोक्ताओं के खिलाफ चलाया जा रहा है, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किए हैं। कार्रवाई से पहले उन्हें कई बार नोटिस भी जारी किए जा चुके थे। इस अभियान में बाबू दिनेश माली, लाइनमैन मनोज साहू, नंद सिंह राजपूत, मुकेश दांगी, राकेश सेन, राम शर्मा और शाहिद सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। विद्युत कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है।


