औरैया पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली एक बोलेरो गाड़ी को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई बुधवार, 18 मार्च 2026 को जालौन चौराहे पर चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बोलेरो गाड़ी संख्या यूपी 78 एचई 5055 को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन की खिड़कियों पर काली फिल्म लगी थी और उस पर अवैध रूप से हूटर सायरन भी लगा हुआ था। ये दोनों ही सार्वजनिक शांति और यातायात नियमों का उल्लंघन हैं। वाहन चालक से मौके पर गाड़ी से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस टीम ने मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चालान करते हुए गाड़ी को धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक औरैया के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर औरैया के पर्यवेक्षण में अपराधियों पर नियंत्रण तथा यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जनपद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर काली फिल्म, हूटर, नीली/लाल बत्ती या किसी भी प्रकार के जातिसूचक/पदसूचक शब्दों का प्रयोग न करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन चेकिंग करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार (चौकी प्रभारी ब्रम्हनगर, थाना कोतवाली औरैया) और उप निरीक्षक समित चौधरी (प्रभारी सर्विलांस सेल औरैया) मय हमराह शामिल थे।


