जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर से गिरकर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गंभीर हालत में युवक को तत्काल एमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार को सामने आई। सूचना मिलने पर मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के जेब में मिली वाहन की चाबी जांच के दौरान युवक की जेब से एक वाहन की चाबी बरामद हुई है। पुलिस अब आसपास खड़े वाहनों से इस चाबी का मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके और घटना से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इन फुटेज से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने स्वयं छलांग लगाई थी या वह किसी दुर्घटना का शिकार हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


