झाबुआ जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए मुफ्त एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में जाकर छात्राओं को यह सुरक्षा कवच प्रदान कर रही हैं। टीकाकरण के मामले में झाबुआ के अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्कूल में सभी पात्र छात्राओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो चुका है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राहुल गणावा की मौजूदगी में इन छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई। जिला टीकाकरण अधिकारी ने खुद की बेटी को लगवाया टीका समाज में जागरूकता फैलाने के लिए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान ने एक प्रेरक कदम उठाया। 18 मार्च को उन्होंने खुद की 14 साल की बेटी दर्शिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राणापुर ले जाकर एचपीवी का टीका लगवाया। डॉ. चौहान ने सभी अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। 1986 बालिकाओं को मिला सुरक्षा कवच स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक जिले की 1986 लड़कियों को यह टीका लगाया जा चुका है और सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉ. चौहान ने अपील की है कि 14 से 15 साल की बेटियों के माता-पिता नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी बच्चियों का टीकाकरण जरूर कराएं। जागरूकता के लिए साझा प्रयास इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में है। विभाग का लक्ष्य है कि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण टीके से वंचित न रहे, ताकि भविष्य में उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।


