T20 रैंकिंग में अभिषेक-ईशान समेत 4 बल्लेबाज टॉप 10 में शामिल, संजू सैमसन टॉप 20 में भी नहीं बना पाए जगह

T20 रैंकिंग में अभिषेक-ईशान समेत 4 बल्लेबाज टॉप 10 में शामिल, संजू सैमसन टॉप 20 में भी नहीं बना पाए जगह

ICC Men’s T20 Latest Ranking Update: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद दूसरी रैंकिंग जारी हुई है, जिसमें बल्लेबाजों की रैंकिंग में सिर्फ एक बदलाव हुआ है। जहां बिना मैच खेले तिलक वर्मा को एक स्थान का फायदा हुआ है, वहीं गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह भी बिना कोई मैच खेले एक स्थान आगे बढ़ गए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने 11 स्थान की छलांग लगाई है।

टॉप 10 में 4 भारतीय बल्लेबाज

आपको बता दें कि इस दौरान बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। भारत के चार बल्लेबाज टॉप-10 रैंकिंग में शामिल हैं। अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं, जिनके पास 875 रेटिंग पॉइंट्स हैं। वहीं ईशान किशन दूसरे स्थान पर हैं, जिनके पास 871 रेटिंग पॉइंट्स हैं। तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाए। इसके बाद फिल साल्ट का नंबर आता है, जो चौथे स्थान पर हैं। श्रीलंका के पथुम निसांका पांचवें स्थान पर हैं।

जानें कहां है संजू सैमसन?

तिलक वर्मा को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह छठे स्थान पर आ गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज टिम सेफर्ट को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें स्थान पर खिसक गए हैं। आठवें स्थान पर साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस हैं और नौवें स्थान पर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। दसवें स्थान पर इंग्लैंड के जोस बटलर हैं। इसके अलावा अन्य बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात करें तो संजू सैमसन भी बिना कोई मैच खेले एक स्थान ऊपर चढ़ने में सफल रहे हैं और वह 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं शिवम दुबे 27वें और हार्दिक पंड्या 48वें स्थान पर हैं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में राशिद खान नंबर-1 गेंदबाज हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद तीसरे और इंग्लैंड के आदिल रशीद चौथे स्थान पर हैं। जसप्रीत बुमराह को एक स्थान का फायदा मिला है और वह छठे से पांचवें स्थान पर आ गए हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा एडम जैम्पा सातवें, वेस्टइंडीज के अकील हुसैन आठवें, बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान नौवें और अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान दसवें स्थान पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *