पलवल जिले में सीआईए होडल की टीम ने बहीन थाना क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी स्मैक बेचने के आरोप में पकड़ा गया, जबकि दूसरा उसे स्मैक सप्लाई करने वाला था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.7 ग्राम स्मैक बरामद की है। सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि 17 मार्च को एएसआई मुबारिक अली अपनी टीम के साथ अंधोप गांव के बस अड्डा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खाईका गांव निवासी मुबारिक उर्फ मुब्बा खाईका जाने वाले रास्ते पर पनीर डेयरी के पास स्मैक बेचने के लिए बैठा है। आरोपी गिरफ्तार, स्मैक बरामद सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएसपी हथीन महेंद्र वर्मा को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से एक पॉलिथीन पाउच में 7.7 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों से पूछताछ जारी बरामद नशीले पदार्थ को सील कर कब्जे में ले लिया गया। सीआईए प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच पीएसआई परमजीत सिंह को सौंपी गई है। आरोपी से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर स्मैक सप्लाई करने वाले जिला नूंह के सिंगार गांव निवासी जीशान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है। सीआईए प्रभारी ने दोहराया कि नशा तस्करी से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


