बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के पुठी सराय गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान शाहजहांपुर के जैतीपुर इलाके के ओटा गांव निवासी लाली के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब आठ साल पहले पुठी सराय निवासी उमेश से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोग आए दिन परेशान करते थे। बुधवार सुबह उन्हें किसी व्यक्ति ने मोबाइल पर सूचना दी कि लाली ने फांसी लगा ली है। इस सूचना पर परिजन आनन-फानन गांव पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी का शव बरामदे में जमीन पर पड़ा पाया। उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों ने तत्काल यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी और ससुरालियों पर हत्या का आरोप दोहराया। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिजनों के अनुसार, लाली के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा लोमेश छह साल का है, जबकि छोटा बेटा लोकेश महज दो साल का है। सीओ सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


