अमेठी पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर मनोज उर्फ रामदत्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरफ्तारी शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के नैय्या पुल के पास हुई। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोहनगंज थाना क्षेत्र के उजेहनी मजरे रास्ता मऊ निवासी मनोज उर्फ रामदत्त पुत्र सुरेश को दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त मनोज उर्फ रामदत्त एक शातिर अपराधी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ अमेठी के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। फिलहाल, पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई में जुटी है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र, हेड कॉन्स्टेबल अखिलेश तिवारी, हेड कांस्टेबल आशीष यादव और कांस्टेबल अभिमन्यु की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि 25 हजार के इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


