UPWeather: मध्य और उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आज की ताजा सिनोप्टिक स्थितियों के अनुसार, वातावरण में एक साथ कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गए हैं, जो आने वाले दिनों में मौसम को अचानक पलट सकते हैं।
सीएसए मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन.सुनील पांडेय के अनुसार, इस समय दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हैं, जो ऊपरी वायुमंडल में ट्रफ के रूप में मौजूद हैं। इनमें से एक सिस्टम लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर 80°E देशांतर के आसपास सक्रिय है, जबकि दूसरा 52°E के पास उत्तरी अक्षांशों में स्थित है। ये दोनों सिस्टम मिलकर उत्तर भारत के मौसम को अस्थिर बना रहे हैं।
यूपी-राजस्थान समेत कई राज्यों पर असर, हवा में बन रहे चक्रवातीय घेरे
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन.सुनील पांडेय के अनुसार, स्थिति को और जटिल बना रहे हैं कई ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation), जो अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और यहां तक कि पश्चिमी राजस्थान से सटे पाकिस्तान क्षेत्र तक, लगभग 0.9 से 1.5 किमी की ऊंचाई पर ये चक्रवातीय सिस्टम बने हुए हैं। इन सभी सिस्टम का संयुक्त प्रभाव यह है कि वातावरण में नमी और अस्थिरता तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि मौसम अब करवट लेने की तैयारी में है।
क्या होगा असर? बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन.सुनील पांडेय के अनुसार, अगले 24 से 72 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, विशेषकर कानपुर मंडल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। दिन में हल्की धूप के बाद अचानक बादल छाने और शाम या रात में मौसम बिगड़ने का सिलसिला देखने को मिल सकता है। किसानों के लिए यह समय खास तौर पर सतर्क रहने का है, क्योंकि ओले और तेज हवाएं फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव, सुबह-शाम ठंडक बरकरार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन.सुनील पांडेय के अनुसार, इन मौसमी गतिविधियों के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन बादल और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है, जिससे मौसम सुहावना तो रहेगा, लेकिन स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।


