Allah Ghazanfar warns to Pakistan:
अफगानिस्तान के युवा स्टार स्पिनर अल्लाह ग़जनफर ने काबुल हवाई हमले में निर्दोश लोगों की मौत के बाद पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अफगानी इसे बिलकुल भी स्वीकार नहीं करेंगे। पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होने वाला है, क्योंकि सभी अफगानिस्तान का इतिहास जानते हैं।
Allah Ghazanfar warns to Pakistan: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर अल्लाह ग़जनफर ने काबुल हमले को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से एक भावुक अपील करते हुए पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। यह अपील काबुल में एक नशामुक्ति केंद्र पर हुए एक विनाशकारी हवाई हमले के बाद की गई है। इस युवा क्रिकेटर ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के व्यापक असर के बारे में बात करते हुए इस संघर्ष से होने वाले मानवीय नुकसान की ओर ध्यान दिलाया है।
बता दें कि पाकिस्तान के हमले में 400 से ज्यादा लोग मारे गए और लगभग 250 घायल हो गए। अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत ने बताया कि यह हमला एक नशामुक्ति अस्पताल पर हुआ, जिससे 2,000 बिस्तरों वाली इस सुविधा का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया है।
‘अफगानिस्तान के लोग इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकते’
अल्लाह गजनफर ने अस्पताल में मिलने वाली सुविधा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यहां समाज के कमजोर तबकों को बहुत जरूरी मदद मिलती थी। उन्होंने सीएनएन न्यूज18 से कहा कि वहां के लोगों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं और अब उन्होंने उस जगह को भी निशाना बनाया है। उन्होंने निर्दोष लोगों को शहीद कर दिया है। अफगानिस्तान के लोग इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकते।
‘पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होने वाला है’
इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने ऐसे सैन्य कदमों के पीछे की मंशा पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि वे क्या साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। वे आते हैं और आम लोगों को निशाना बनाते हैं। हम इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकते। गजनफर ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि हर कोई अफगानिस्तान का इतिहास जानता है। अगर वह इतिहास खुद को दोहराता है, तो यह पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होने वाला है।
‘भारत हमारा करीबी दोस्त’
उन्होंने आगे कहा कि भारत हमारा करीबी दोस्त है। हम उनके साथ जुड़ना चाहते हैं, इन मुद्दों पर बात करना चाहते हैं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। यही हमारी दूसरे देशों से भी गुजारिश है। यह लोगों के लिए अच्छा नहीं है। इस समय पूरी दुनिया कई चुनौतियों से गुजर रही है और यह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है।
गजरनफर का क्रिकेट करियर
बता दें कि गजनफर ने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है। इस बार वह मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू कर सकते हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक अफगानिस्तान के लिए 20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने सभी फॉर्मेट में कुल 29 विकेट लिए हैं।
Sports – Patrika | CMS


