शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने दो युवकों को टक्कर मार दी। चालक शराब के नशे में था और टक्कर के बाद एक युवक को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। देहात थाना क्षेत्र में रात 10 बजे हुआ हादसा यह घटना 17 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। नीलगढ़ चौराहा पुरानी शिवपुरी निवासी 19 वर्षीय अमन चौहान अपने साथी अनस खान के साथ सुभाष पार्क से आइसक्रीम लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटरा मोहल्ला की ओर से आ रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार (MP33 C 6755) ने तेज और लापरवाही से चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी। युवक को घसीटते ले गया चालक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक अनस खान को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।हादसे में अमन चौहान भी साइड में गिर गया, जिससे उसे हाथ, पैर, कंधे और कमर में चोटें आई हैं। दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। खड़ी बाइक को भी मारी टक्कर इसी दौरान पास खड़े काजी समीउद्दीन और आशिफ शाह की मोटरसाइकिल को भी कार ने टक्कर मार दी। इससे काजी समीउद्दीन के पैर में चोट आई और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शी रिषभ कोठारी और नावेद खान सहित अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार से मिली बियर की बोतल पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशीष जोशी निवासी कोलारस बताया। पुलिस के अनुसार, चालक शराब के नशे में था और उसकी कार से बियर की खाली बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस ने अमन चौहान की रिपोर्ट पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


