सिरसा जिले के डबवाली खंड में राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर मंगलवार शाम एक मॉडिफाइड जीप की टेस्ट ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगानगर से जीप खरीदने आए युवक का वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिससे जीप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर किया गया। गंगानगर निवासी युवक आया था जीप खरीदने
गंगानगर के रहने वाले एक युवक ने बताया कि वह मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे डबवाली के सिरसा रोड पर मॉडिफाइड जीप खरीदने आया था। जीप पसंद आने के बाद वह अकेले ही ट्रायल के लिए सिरसा की ओर रवाना हुआ। गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम से बठिंडा चौक की ओर लौटते समय तेज रफ्तार के कारण जीप पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू जीप ने तोड़ा पोल, कई वाहनों से टकराई
तेज रफ्तार में बेकाबू हुई जीप सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे पोल को तोड़ती हुई गलत दिशा में चली गई। इस दौरान जीप कई वाहनों से टकराई और अंत में एक स्कूल वैन से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, हालत गंभीर
राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिरसा रेफर कर दिया। पुलिस ने यातायात बहाल किया
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पलटी हुई जीप को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना पास की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। समाचार लिखे जाने तक युवक का सिरसा में इलाज जारी था और दुर्घटनाग्रस्त जीप को व्यस्त मार्ग से हटा दिया गया था ताकि यातायात में कोई बाधा न हो।


