रीवा शहर में बीच सड़क पर शराबियों और पुलिस के बीच जमकर मारपीट व हंगामा हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नशे में धुत कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बीच सड़क पर भिड़ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शराबियों ने पुलिस पर ही पलटवार कर दिया और उन्हें सड़क पर पटक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट होती रही। लोगों ने पुलिस पर लगाया नशे में होने का आरोप सड़क पर सरेराह एक-दूसरे को लिटाकर घसीटा गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विवाद के दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों पर भी नशे में होने का आरोप लगाया है। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। अधिकारियों ने दिया बल की कमी का हवाला बीच सड़क पर हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस पूरे मामले पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि बल की कमी के कारण ऐसी स्थिति बन जाती है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है।


