10 गाड़ियों में भरकर आए गुंडों का टोल प्लाजा पर धावा, कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, फ्री में गुजारे वाहन  

10 गाड़ियों में भरकर आए गुंडों का टोल प्लाजा पर धावा, कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, फ्री में गुजारे वाहन  

Crime News : टोल प्लाजा पर गुंडों की धमक से हड़कंप  मचा हुआ है। ये सनसनीखेज घटना  दून-हरिद्वार हाईवे पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा पर घटी है। यहां टोल मांगने पर कार सवार अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात  मचाया। मंगलवार को हरिद्वार की ओर से कई कारों में सवार लोग लच्छीवाला टोल पर पहुंचे। यहां कुछ वाहन निकल गए। पीछे एक कार के चालक के टोल न देने को लेकर विवाद हो गया। टोल प्रबंधक मनीष नेगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कार सवार युवकों ने टोल पर तैनात महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता शुरू की। सूचना मिलते ही मनीष नेगी और एक अन्य प्रबंधक प्रभाकर सिंह मौके पर पहुंचे। प्रभाकर सिंह ने युवकों के इस हंगामे का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो कार सवार भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच विवाद बढ़ने पर कार सवारों ने आगे निकल चुके अपने अन्य साथियों को भी वापस बुला लिया। देखते ही देखते करीब 25-30 लोग कारों से उतरे और कर्मचारियों पर टूट पड़े। डोईवाला के कोतवाल प्रदीप राणा के मुताबिक तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की शिनाख्त और घटना की सही स्थिति सामने आए।

वीडियो कराई डिलीट

टोल प्लाजा पर धावा बोलने वाले अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने बेल्ट और लोहे के उपकरणों से टोलकर्मियों पर हमला किया। हमलावरों ने मैनेजर का मोबाइल छीनकर घटना का वीडियो भी डिलीट करा दिया। युवकों ने सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। आरोपियों ने जबरन टोल का नाका उठा दिया और करीब आधा घंटे तक वहां से गुजरने वाले वाहन बिना टोल दिए गुजरे। पुलिस अज्ञात कार सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *